- कार्यकारिणी की बैठक में जेपीएससी और झारखंड राज्य विवि सेवा आयोग को जल्द क्रियाशील करने की मांग
Ranchi : जुटान की कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को डीएसपीएमयू में हुई. बैठक में संगठन ने सहायक प्राध्यापकों के पे फिक्सेशन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. झारखंड यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (जुटान) ने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सभी शिक्षकों का पे फिक्सेशन नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बैठक में जुटान के दोनों संयोजक कंजीव लोचन और गणेश चंद्र बास्के, अध्यक्ष जगदीश लोहरा, संयुक्त सचिव डॉ. अवध बिहारी महतो, कोषाध्यक्ष डॉ. राहुल कुमार और प्रकाशन सचिव डॉ. विनय गुप्ता मौजूद रहे. वहीं, कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. विनय भरत, डॉ. मीनाक्षी कुजूर, डॉ. अशोक रवानी, डॉ. ऋचा और डॉ. स्वाति सोरेन ऑनलाइन बैठक में शामिल हुईं.
जेपीएससी और विवि सेवा आयोग को जल्द सक्रिय करने की मांग
जुटान ने जेपीएससी के निष्क्रिय रहने और झारखंड राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के क्रियाशील नहीं होने पर भी चिंता जताई. संगठन ने सरकार से दोनों संस्थाओं में जल्द योग्य व्यक्तियों की नियुक्ति करने की मांग की, ताकि शिक्षकों की प्रोन्नति समेत अन्य लंबित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके.
2018 के बाद नियुक्त शिक्षकों की प्रोन्नति में विसंगति दूर करने की मांग
बैठक में 2018 के बाद नियुक्त शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को दूर करने की भी मांग की गई. जुटान ने कहा कि प्रोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए शिक्षकों को समय पर इसका लाभ दिया जाना चाहिए. बैठक में इन मुद्दों के अलावा संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों को तेज करने का भी निर्णय लिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

