Ranchi News : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुए.
उनके साथ राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं. बस, ट्रेन और निजी वाहनों से कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है. कई जिलों से विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई है.
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि रैली को लेकर झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान की मूल भावना के सम्मान से जुड़ा है. लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सर्वोपरि होती है. ऐसे में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है. वर्तमान समय में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर देशभर में सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठा रही है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज का सम्मान होना चाहिए. चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा कायम रहना चाहिए. लोकतंत्र की मजबूती के लिए इन मुद्दों पर चर्चा और जवाबदेही जरूरी है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि रामलीला मैदान में झारखंड के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराएंगे. यह भागीदारी केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

