Ranchi : रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक जमीन कारोबारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान रमेश ठाकुर के रूप में हुई है. उनका शव बुधवार की सुबह घर के अंदर से बरामद किया गया है.
बताया जाता है कि रमेश कोकर स्थित तपोवन कॉलोनी का रहने वाले थे. लेकिन हाल के दिनों में वह तपोवन से सटे खोरहा टोली स्थित अपने मकान में रह रहे थे. घटना के समय वह घर में अकेले सो रहे थे. इसी दौरान अपराधी घर में घुसे और उनके सिर पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया.
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए. बुधवार की सुबह जब परिजन घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो रमेश ठाकुर का शव खून से लथपथ पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी.
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
रमेश ठाकुर के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान मिले हैं. आशंका है कि अपराधियों ने घर के अंदर ही हमला कर उनकी हत्या की है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. हालांकि पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment