Ranchi News : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए विशेष राउंड सह मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा.
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 13 से 19 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे. अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रवेश प्रक्रिया, जबकि अन्य श्रेणियों के लिए मॉप-अप राउंड आयोजित होगा.
पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची 22 अक्टूबर को जारी की जाएगी. दस्तावेजों का सत्यापन 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होगा. चयनित अभ्यर्थियों को इसी दिन ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा.
प्रवेश के लिए मेरिट सूची कक्षा 12वीं या समकक्ष परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. CUET (UG)-2026 में शामिल अभ्यर्थी भी संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.
यह प्रवेश उन पाठ्यक्रमों और श्रेणियों की रिक्त सीटों पर दिया जाएगा, जहां प्रतीक्षा सूची में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं.
अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के समय सभी जरूरी प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति लानी होगी. आरक्षण का लाभ लेने के लिए भारत सरकार के निर्धारित प्रारूप में जारी वैध जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है.
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पहले से किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश ले चुके विद्यार्थी इस राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे. सुपरन्यूमेरेरी सीटों पर भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अभ्यर्थी रिक्त सीटों, पाठ्यक्रमवार पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.

