Ranchi News : भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा में अब टोल टैक्स की वसूली नगर निगम खुद कर रहा है. निगम ने विभागीय स्तर पर टोल टैक्स शुरू किया है. एक दिन में टर्मिनल परिसर से करीब 1.50 लाख रुपये टोल टैक्स की वसूली की जा चुकी है.
इसे भी पढ़ें...
टोल वसूली को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए निगम ने 15 दिनों का रोस्टर तैयार किया है. इसके तहत राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम दो पालियों में सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक टोल टैक्स की वसूली कर रही है.
बस से 150 और ऑटो से 20 रुपये शुल्क
बस टर्मिनल परिसर में निर्धारित दर के अनुसार बसों से 150 रुपये और ऑटो से 20 रुपये टोल टैक्स लिया जा रहा है. यह शुल्क 24 घंटे के लिए निर्धारित है. निगम ने यात्रियों और वाहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित दर के अनुसार ही भुगतान करें.
अवैध वसूली और अतिक्रमण पर नजर रखेगी इनफोर्समेंट टीम
टर्मिनल परिसर में यात्रियों और वाहन संचालकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निगम ने इनफोर्समेंट टीम की भी प्रतिनियुक्ति की है. टीम अतिक्रमण, अनधिकृत कब्जे, अव्यवस्थित गतिविधियों और अवैध वसूली पर नजर रखेगी. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
नगर निगम ने कहा कि टोल वसूली की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है. बस टर्मिनल का संचालन व्यवस्थित करना है. यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास है. इसके साथ ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

