Ranchi News : बिरसा विकास विद्यालय में एनसीसी कैंप का आयोजन किया गया. जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार साइबर अपराध से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का अभियान चलाया गया. उक्त कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार व साइबर अपराध थाना से पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार मिश्रा उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक, फर्जी कॉल व मैसेज से सावधान रहने तथा OTP, बैंक खाता, ATM, UPI व अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई.
साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित शिकायत दर्ज कराने हेतु राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 व साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी भी प्रदान की गई.छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति सजग रहने और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना, उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक के रूप में तैयार करना तथा समाज में सुरक्षित एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना था.

