Ranchi News : डोरंडा महाविद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र से एनसीसी (NCC) इकाई की शुरुआत होगी. इसके साथ ही दीपावली और छठ की छुट्टियों के दौरान कॉलेज में पेयजल व अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा.
यह आश्वासन महाविद्यालय की प्राचार्य ने अबुआ अधिकार मंच के प्रतिनिधिमंडल को दिया है. मंच ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी.अबुआ अधिकार मंच का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कॉलेज की प्राचार्य से मिला. इस दल का नेतृत्व कॉलेज प्रभारी दिवाकर प्रजापति कर रहे थे. उन्होंने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा. इसमें कॉलेज प्रशासन के सामने सात प्रमुख मांगें रखी गई थीं.
इन समस्याओं को दूर करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया था.दिवाकर प्रजापति ने कहा कि मूलभूत सुविधाएं पाना विद्यार्थियों का अधिकार है. ज्ञापन में सभी ब्लॉकों के वॉशरूम की मरम्मत और नियमित साफ-सफाई की मांग की गई. छात्राओं के वॉशरूम में सैनिटरी पैड मशीन लगाने पर जोर दिया गया.
इसके अलावा शुद्ध पेयजल, कक्षाओं में खराब पंखे व ट्यूबलाइट बदलने और पीछे के गेट को दिन में खोलने की मांग रखी गई.प्राचार्य ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर गंभीरता से विचार किया. उन्होंने आश्वासन दिया कि बीबीए की कक्षाएं अब ब्लॉक ए की जगह ब्लॉक सी में संचालित होंगी. वहीं, मरम्मत और पेयजल से जुड़ी समस्याएं दीपावली और छठ के अवकाश में दूर करा ली जाएंगी.
इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से अजित उरांव, अर्जुन महतो, कृष्णा लोहरा, सनी लोहरा, फ्रांसिस तिर्की और सुजीत होरो समेत कई सदस्य मौजूद रहें.

