- प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कुच्चू तो नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गोंदा मंडल में किया वृक्षारोपण
Ranchi : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा पूरे राज्य में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान कार्यक्रम चलाया गया. इस कार्यक्रम के तहत सभी मंडलों में वृक्षारोपण किया गया. इस अभियान में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल हुए.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू मंडल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर कुल्ही में बूथ संख्या-22 पर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गोंदा मंडल अंतर्गत रॉक गार्डन परिसर में, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू मंडल में बूथ संख्या 307 पर, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी के कर्रा व रांची ग्रामीण पूर्वी के गेतलसूद, रघुवर दास ने जगन्नाथपुर, चंपई सोरेन ने सरायकेला खरसावां के गम्हरिया, मधु कोड़ा ने चाईबासा के जगन्नाथपुर, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हटिया, संजय सेठ ने पंडरा, दीपक प्रकाश ने हरमू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने दुमका के बासुकीनाथ, रविंद्र राय ने हरमू व यदुनाथ पांडेय ने अपर बाजार मंडल अंतर्गत वृक्षारोपण किया.
इसके अलावा पार्टी के सभी पदाधिकारी, सांसद एवं विधायक, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष आदि ने भी संबंधित मंडलों में वृक्षारोपण कर स्वच्छ और अच्छे हरियाली पर्यावरण का संदेश दिया.इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रकृति संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सहभागिता कर हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण हेतु अपना योगदान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास व सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर अग्रसर है. इस अवसर पर हम सभी को ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर धरती मां को हराभरा बनाने तथा स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने की जरूरत है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है. पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का साझा दायित्व है. एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर अपनी मा के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दें. उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील भी की.
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक सशक्त माध्यम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान आज एक एक जन आंदोलन बन चुका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment