Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Ranchi News : झारखंड में तंबाकू के खिलाफ एक महीने का विशेष अभियान

  • 26 मई से शुरू होगी जागरूकता मुहिम

Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य में तंबाकू सेवन पर रोक लगाने और लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने का फैसला किया है. आगामी 31 मई को मनाए जाने वाले विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के मौके पर 26 मई से 26 जून 2026 तक पूरे राज्य में विशेष जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा.

 

इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से Unmask the appeal-countering tobacco and nicotine addiction थीम तय की गई है. इसी थीम के आधार पर राज्य के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रम, छापेमारी अभियान और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित होंगी. अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तंबाकू और निकोटिन की लत से दूर रखना है.

 

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार अभियान को पांच चरणों में चलाया जाएगा. पहले चरण में 26 मई से 30 मई तक चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे. माइकिंग, नुक्कड़ नाटक और पंपलेट वितरण के जरिए लोगों को COTPA-2003 और झारखंड तंबाकू संशोधन अधिनियम 2021 की जानकारी दी जाएगी. सरकारी भवनों में नो स्मोकिंग जोन के बोर्ड लगाए जाएंगे और स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलेगा.

 

31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे. सभी जिलों में जागरूकता रैली निकाली जाएगी. सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों और स्वास्थ्य केंद्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी. स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह की विशेष जांच भी होगी. साथ ही नेशनल तंबाकू क्विट लाइन नंबर 1800-11-2356 का प्रचार किया जाएगा.

 

2 से 6 जून तक जिला और प्रखंड स्तर पर तंबाकू नियंत्रण समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी. शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यशालाएं कर तंबाकू नियंत्रण कानूनों की जानकारी दी जाएगी.

 

10 से 17 जून तक ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. पंचायत प्रतिनिधियों और वार्ड सदस्यों को अभियान से जोड़ा जाएगा. ग्रामीण इलाकों में प्रभात फेरी, साइकिल रैली और नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे. बीड़ी उद्योग से जुड़े मजदूरों को वैकल्पिक रोजगार और खेती के बारे में प्रशिक्षण देने की भी योजना है.

 

18 से 26 जून तक तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान चलाया जाएगा. स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू बिक्री रोकने के लिए पीली रेखा का चिन्हांकन किया जाएगा. स्कूलों में वाद-विवाद, क्विज और जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भी धूम्रपान और तंबाकू छोड़ने का संदेश दिया जाएगा.

 

अभियान के दौरान COTPA-2003, PECA-2019 और राज्य के संशोधित कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. जिला स्तरीय छापामार टीमें सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर नजर रखेंगी.

 

स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, परिवहन, खाद्य सुरक्षा और जनसंपर्क विभाग भी इस अभियान में शामिल होंगे. युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया अभियान और विशेषज्ञों के साथ टॉक शो भी आयोजित किए जाएंगे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही