Ranchi News: राजधानी रांची में खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत लालपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनमें से 18 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं, जबकि शेष चार मोबाइल फोन के मालिकों से संपर्क किया गया है. उनके थाना पहुंचने पर मोबाइल सौंप दिए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें:
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस तकनीक का सहारा ले रही है. इसके तहत मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाती है. जैसे ही संबंधित मोबाइल में किसी अन्य सिम कार्ड का इस्तेमाल होता है, तकनीकी सिस्टम के माध्यम से उसकी पहचान और लोकेशन से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलती है. इसके आधार पर पुलिस मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करती है.
मोबाइल बरामदगी का अभियान जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है. लालपुर थाना के अलावा रांची के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस अभियान को गति दी जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

