Ranchi News: हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार की शाम रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान एक अपराधी को गोली लगी है. उसका नाम सौरभ कुमार है.
घायल अपराधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रांची के एसएसपी राकेश रंजन मौका ए वारदात पहुंचे हैं. घटना स्थल पर पुलिस के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद हैं. पुलिस ने घायल समेत गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद किए हैं. अपराधियों के पास से चोरी की एक बाइक भी मिली है.

इसे भी पढ़ें:
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह के अपराधियों ने गुरुवार की रात हजारीबाग में एके इंटरनेशनल होटल के बाहर फायरिंग की थी. इस घटना के बाद अपराधियों ने शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रांची के कांके इलाके में भी गोलीबारी की. लगातार दो जिलों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की.
इसी क्रम में पुलिस को अपराधियों के धुर्वा के सीठियो इलाके में होने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की तो अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी है. इसके बाद पुलिस ने सभी पांच अपराधियों को अपने कब्जे में ले लिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

