Ranchi News: देश की जनगणना-2027 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. दूसरे चरण के तहत जिले में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना की जायेगी. इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी. प्रगणक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से घर-घर पहुंचकर परिवारों और प्रत्येक सदस्य से जुड़ी निर्धारित जानकारियां दर्ज करेंगे. जनगणना के इस चरण में जाति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जायेगी.
इसे भी पढ़ें:
आम लोगों को भी अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर दिया जायेगा. इसके लिए 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके बाद निर्धारित अवधि में प्रगणक घरों तक पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे. डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से आंकड़ों का संग्रह और प्रविष्टि की जायेगी.
प्रशिक्षण में अधिकारियों को दी गयी जानकारी
जनगणना के दूसरे चरण को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची समाहरणालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया. केंद्रीय प्रशिक्षक दल ने प्रतिभागियों को जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया और मैदानी स्तर पर काम करने के तरीकों से अवगत कराया. प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल एप के इस्तेमाल, परिवारों से जानकारी जुटाने, डिजिटल डाटा एंट्री और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी दी गयी.
डिजिटल आंकड़ों पर रहेगा जोर
प्रशिक्षण में प्रगणकों को फील्ड में काम करते समय सावधानी बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी गयी. घर-घर सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित सूचनाएं मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जायेंगी. जिला प्रशासन का जोर जनगणना कार्य में तकनीकी व्यवस्था के सही इस्तेमाल और आंकड़ों के सटीक संकलन पर है.
जनगणना-2027 के दूसरे चरण में जुटाये जाने वाले आंकड़े देश की जनसंख्या की स्थिति और सामाजिक संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करायेंगे. खास बात यह है कि इस बार डिजिटल गणना के साथ जाति संबंधी आंकड़े भी संग्रहित किये जायेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

