- रिफॉर्म मंच ने सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
- सभी 24 जिलों के अभ्यर्थियों को एकजुट कर राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
Ranchi News: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के बाद सरकार की कार्रवाई को रिफॉर्म मंच दिखावा करार देते हुए, एक बार फिर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का नया खाका तैयार किया है. इसके तहत झारखंड के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित की जाएगी. मंच का लक्ष्य राज्य के सभी 24 जिलों के अभ्यर्थियों को एकजुट कर आंदोलन को व्यापक रूप देना है.
इसे भी पढ़ें:
मंगलवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच के नेता राहुल क्रांति ने सरकार पर अभ्यर्थियों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में कार्रवाई के लिए दो महीने का समय मांगा था. यह अवधि गुजरने के बाद भी कोई ठोस पहल सामने नहीं आयी है.
राहुल क्रांति ने न्यायालय में सरकार की पैरवी पर भी सवाल उठाये. उनका आरोप था कि सरकार ने अभ्यर्थियों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा. उन्होंने सीआईडी जांच को भी दिखावा बताया. राहुल ने कहा कि जांच के दौरान चार अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी की खबरें आयी थीं. इसके बावजूद सरकार ने इन तथ्यों को न्यायालय के सामने प्रभावी तरीके से क्यों नहीं रखा. उनका दावा है कि सरकार गंभीरता से पक्ष रखती, तो अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक पहल हो सकती थी.
पांच प्रमंडलों से आंदोलन का विस्तार
मंच की कोर कमेटी आंदोलन की अगली रणनीति तैयार कर रही है. राहुल क्रांति के अनुसार, जल्द ही पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत की तारीखों का ऐलान किया जाएगा. इन बैठकों के जरिए अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने की कोशिश होगी. इसके बाद आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार आंदोलन किसी एक शहर या जिले तक सीमित नहीं रहेगा.
सभी 24 जिलों के छात्रों को जोड़कर परीक्षा व्यवस्था में सुधार और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा. मंच ने आगे भी संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की बात कही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

