Search

Ranchi News : IT हब के रूप में विकसित होगी रांची, 107 एकड़ में बनेगा झारखंड का पहला IT पार्क

  • आईटी प्रोफेशनल्स और युवाओं को अब राज्य में ही मिलेगा रोजगार
  • मेधावी प्रतिभाओं के दूसरे राज्यों में पलायन पर लगेगी लगाम
  • आर्थिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, बढ़ेगा निवेश का ग्राफ

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची को देश के तकनीकी मानचित्र पर स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है. राज्य सरकार ने धुर्वा क्षेत्र के नया सराय में एक विशाल आईटी पार्क के निर्माण के लिए 107 एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है, जो राज्य के आईटी प्रोफेशनल्स और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी. 

 

टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू होगा कंपनियों का चयन

सूचना एवं तकनीकी विभाग इस परियोजना को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. पार्क के मास्टरप्लान और डीपीआर तैयार करने के लिए जारी टेंडर की अंतिम तिथि 6 मई निर्धारित की गई है. विभाग के सूत्रों के अनुसार, समय-सीमा समाप्त होते ही प्राप्त प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन शुरू कर दिया जाएगा.

 

विभाग की योजना है कि कंपनियों के चयन और वित्तीय बिड की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए, ताकि निर्माण कार्य का विस्तृत रोडमैप तैयार कर धरातल पर काम शुरू किया जा सके.

 

आईटी प्रोफेशनल्स के पलायन पर लगेगी लगाम

इस आईटी पार्क के विकसित होने से राज्य के मेधावी युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा. बड़े पैमाने पर आईटी और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित होने से युवाओं का बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे महानगरों की ओर होने वाला पलायन रुकेगा. उन्हें अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. 

 

आर्थिक विकास और निवेश को मिलेगा बड़ा बूस्ट

107 एकड़ में फैले इस आधुनिक परिसर में डेटा सेंटर, इनक्यूबेशन सेंटर और स्टार्टअप्स के लिए विशेष स्थान के साथ-साथ अत्याधुनिक संचार नेटवर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. पार्क के शुरू होने से न केवल कॉर्पोरेट निवेश बढ़ेगा, बल्कि परिवहन, खान-पान और आवास जैसी सहायक सेवाओं के माध्यम से हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//