Search

 
 
 

Ranchi News : महंगाई व केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ RJD का हमला, आंदोलन की चेतावनी

प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को लेकर सवाल उठाए
 

Ranchi : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, दूध, सब्जी, सोना-चांदी समेत रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता परेशान है और देशभर में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है.

 

कैलाश यादव ने कहा कि देशवासी पहले से घरेलू व कॉमर्शियल एलपीजी गैस की किल्लत का सामना कर रहे हैं, वहीं अब पेट्रोल-डीजल और दूध के दामों में वृद्धि ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति विफल साबित हो रही है.

 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में आम जनता को कोई ठोस लाभ नहीं मिला, जबकि चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने के लिए रेवड़ियां बांटने का काम किया गया. यादव ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति कमजोर होने से देश में आर्थिक संकट का माहौल बना है और ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं.

 

राजद प्रवक्ता ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण शिक्षा, चिकित्सा, दवाइयों और खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसका सबसे अधिक असर दिहाड़ी मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम परिवारों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि परिवहन क्षेत्र जैसे बस, ऑटो, कैब और टूर-ट्रेवल्स व्यवसाय भी प्रभावित होंगे.

 

कैलाश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों को असफल बताते हुए कहा कि कृषि, उद्योग और शिक्षा नीति में स्पष्टता की कमी के कारण सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल संस्थाओं और योजनाओं के नाम बदलने तक सीमित रही है.

 

उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार महंगाई और आर्थिक संकट से निपटने के लिए ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करती है तो राजद आने वाले दिनों में सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही