- संस्थान का अब तक का सबसे बड़ा प्लेसमेंट
Ranchi News : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची के छात्र सक्षम ने प्लेसमेंट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र सक्षम को वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी रुब्रिक (Rubrik) में टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर के पद पर 1.25 करोड़ सालाना पैकेज मिला है.
संस्थान के अनुसार, यह IIIT रांची के इतिहास में अब तक किसी छात्र को मिला सबसे बड़ा पैकेज है. सक्षम ने संस्थान में पढ़ाई के दौरान तकनीकी दक्षता, समस्या-समाधान क्षमता और व्यावसायिक योग्यता का प्रदर्शन किया.
उनकी इस उपलब्धि से यह भी सामने आया है कि IIIT रांची के छात्र वैश्विक स्तर की तकनीकी कंपनियों में विभिन्न चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.
अपनी सफलता पर सक्षम ने परिवार और मित्रों के साथ-साथ संस्थान के प्राध्यापकों और मार्गदर्शकों का आभार जताया. उन्होंने कहा, यह उपलब्धि मेरे लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाली है. मैं उन सभी का हृदय से आभारी हूं जिन्होंने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर अटूट विश्वास बनाए रखा.
संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने सक्षम को बधाई दी और उनकी मेहनत, निष्ठा और लगन की सराहना की. उन्होंने कहा कि सक्षम की सफलता उस उत्कृष्टता की भावना का प्रमाण है, जिसे IIIT रांची अपने परिसर में लगातार बढ़ावा दे रहा है.
संस्थान के अनुसार, सक्षम की यह उपलब्धि IIIT रांची के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में एक नया अध्याय जोड़ती है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास, उद्योग अनुभव तथा करियर मार्गदर्शन के जरिए छात्रों को बेहतर पेशेवर अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में संस्थान के प्रयासों को दर्शाती है.

