Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय के संबंधित कॉलेजों में संचालित MBA/BBA जैसे सेल्फ-फाइनेंसिंग वोकेशनल पाठ्यक्रमों में शिक्षकों की कमी को लेकर NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन अहमद ने कहा कि पर्याप्त पूर्णकालिक शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रभावित हो रहा है.उन्होंने बताया कि डोरंडा कॉलेज के स्नातकोत्तर स्तर और एस.एस. मेमोरियल कॉलेज के स्नातक स्तर पर शिक्षकों की अनुपलब्धता है, जबकि रांची महिला कॉलेज के स्नातकोत्तर स्तर पर केवल एक शिक्षक उपलब्ध है.
अमन अहमद के अनुसार, शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए रांची विश्वविद्यालय ने विज्ञापन ज्ञापांक RU/CVS/5797/2026, दिनांक 23 अप्रैल 2026 के माध्यम से MBA/BBA में सहायक प्राध्यापकों की पूर्णकालिक संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे थे.
इसके तहत कुल छह पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित थी. इनमें MBA-HR के दो, MBA-Finance के दो, MBA-IT का एक और BBA (Finance) का एक पद शामिल था.विज्ञापन के आधार पर 27 जुलाई 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया गया था, लेकिन 18 सितंबर तक उसका परिणाम सार्वजनिक नहीं किया गया है. NSUI का कहना है कि परिणाम में देरी से अभ्यर्थियों में अनिश्चितता बनी हुई है और दूसरी ओर विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराने में भी परेशानी हो रही है.
अमन अहमद ने कहा कि सत्र आगे बढ़ चुका है और परीक्षाएं भी नजदीक हैं. ऐसे में शिक्षकों की कमी के कारण पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी सुनिश्चित करने में परेशानी हो सकती है.
NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से 27 जुलाई को हुए साक्षात्कार का परिणाम जल्द जारी कर वेबसाइट पर प्रकाशित करने, चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति पत्र देने तथा डोरंडा, एस.एस. मेमोरियल और रांची महिला कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है. संगठन ने MBA/BBA सहित अन्य वोकेशनल पाठ्यक्रमों में शिक्षकों की कमी के स्थायी समाधान के लिए नियमित भर्ती और दीर्घकालिक मानव संसाधन नीति पर भी कार्रवाई की मांग की है.

