Search

 
 
 

Ranchi News: झारखंड के छात्रों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: आजसू

अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने बीआईटी मेसरा में झारखंड के छात्रों के लिए वर्षों से लागू 50 प्रतिशत होम स्टेट कोटा समाप्त करने के निर्णय पर गहरी चिंता जताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है.
 

Ranchi : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने बीआईटी मेसरा में झारखंड के छात्रों के लिए वर्षों से लागू 50 प्रतिशत होम स्टेट कोटा समाप्त करने के निर्णय पर गहरी चिंता जताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है. संगठन ने इसे झारखंड के प्रतिभाशाली, ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताया है.

 

आजसू का कहना है कि बीआईटी मेसरा झारखंड की धरती पर स्थापित एक प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान है, जिसके विकास में राज्य की भूमि, संसाधनों और जनता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. ऐसे में राज्य के विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों में कटौती उचित नहीं है.

 

आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि होम स्टेट कोटा के माध्यम से झारखंड के हजारों छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता रहा है. विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण रही है. उन्होंने कहा कि कोटा समाप्त होने से राज्य के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा और उनके उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित होंगे.

 

आजसू ने मांग की है कि बीआईटी मेसरा में झारखंड के छात्रों के लिए पूर्व की भांति 50 प्रतिशत होम स्टेट कोटा तत्काल बहाल किया जाए. साथ ही राज्य सरकार से इस मामले में संस्थान प्रबंधन के साथ अविलंब वार्ता कर झारखंडी छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है.

 

संगठन ने यह भी कहा कि राज्य के विद्यार्थियों के लिए आरक्षण और विशेष अवसरों से जुड़ी व्यवस्थाओं को किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं किया जाना चाहिए.प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि झारखंड के छात्रों के हित में पूर्ववत व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो आजसू चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी.

 

इसके तहत ज्ञापन सौंपने, धरना-प्रदर्शन, छात्र सम्मेलन और आवश्यकतानुसार व्यापक जनआंदोलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.आजसू ने स्पष्ट किया कि झारखंड के विद्यार्थियों के भविष्य और उनके शैक्षणिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही