Ranchi News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची की ओर से बुधवार को आयोजित दूसरी टेली करियर काउंसलिंग में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सेना में करियर बनाने से जुड़े विकल्पों की जानकारी ली. दोपहर दो से तीन बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में रांची, जमशेदपुर, खूंटी, गुमला, बुंडू और मांडर समेत विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ें:
काउंसलिंग में विशेषज्ञ के रूप में 19 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रोहित नंदन प्रसाद और एनसीसी के एएनओ कैप्टन जीसी बास्के शामिल हुए. विद्यार्थियों ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, सीडीएस और एनडीए की तैयारी, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, एनसीसी सी सर्टिफिकेट के लाभ और 12वीं के बाद सेना में उपलब्ध करियर विकल्पों से जुड़े सवाल पूछे.
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भी 12वीं के बाद सेना में भर्ती को लेकर रुचि दिखाई. डीपीएस रांची के अंकुश, डीएवी बरियातू के अक्षय और कैंब्रियन पब्लिक स्कूल की अलीशा सिंह ने भी विशेषज्ञों से सवाल पूछे. दोनों विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके सवालों के जवाब दिए और सेना में भर्ती के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता, तैयारी और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और करियर संबंधी हितों को ध्यान में रखते हुए डीएसपीएमयू प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है, जिसने इस तरह की टेली कैरियर काउंसलिंग शुरू की है. कार्यक्रम के आयोजन में विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के शिक्षकों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

