Search

 
 
 

Ranchi News : 4 अक्टूबर को होगा रांची आइडल का ग्रैंड फिनाले, विजेताओं को  मिलेगी 20 से 25 हजार की प्राइज मनी

Ranchi News : प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में रखा गया है. इसमें 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए जूनियर, 18 वर्ष से अधिक के लिए सीनियर और 60 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागियों के लिए सुपर सीनियर वर्ग बनाया गया है.
 
रांची आइडल’ प्रतियोगिता

Ranchi News : रांची और झारखंड की सिंगिंग टैलेंट को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित रांची आइडल प्रतियोगिता अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. 30 अगस्त से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 4 अक्टूबर को सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑडिटोरियम में होगा.

 

 

प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में रखा गया है. इसमें 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए जूनियर, 18 वर्ष से अधिक के लिए सीनियर और 60 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागियों के लिए सुपर सीनियर वर्ग बनाया गया है.

 

प्रत्येक श्रेणी में करीब 60 से 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. शुरुआती दौर में पंजीकरण के लिए 199 रुपये शुल्क रखा गया था, जबकि फाइनल में पहुंचने वाले प्रतिभागियों से कोई शुल्क नहीं लिया गया है.

 

चयन प्रक्रिया के बाद कुल 31 प्रतिभागी फाइनल में पहुंचे हैं. इनमें जूनियर वर्ग के 11, सीनियर वर्ग के 10 और सुपर सीनियर वर्ग के 10 प्रतिभागी शामिल हैं. जूनियर वर्ग में एक ग्रीन कार्ड के जरिए चयनित प्रतिभागी भी शामिल है.

 

प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता और दो रनर-अप चुने जाएंगे. विजेताओं को 20 से 25 हजार रुपये तक की नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि रनर-अप को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी. ग्रैंड फिनाले में जी म्यूजिक के म्यूजिक प्रोड्यूसर असलम खान और ‘सा रे गा मा पा व जी बांग्ला की विजेता रॉयल गोस्वामी भी शामिल होंगी. आयोजकों के अनुसार, असलम खान चुनिंदा प्रतिभाओं को उनके साथ गाना रिकॉर्ड करने और लाइव शो के जरिए आगे बढ़ने का अवसर देंगे.

 

प्रतियोगिता में देवघर, हजारीबाग समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है. आयोजकों के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी अपनी गायन प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. प्रतियोगिता के आयोजकों का लक्ष्य स्थानीय कलाकारों को तैयार कर उन्हें ‘इंडियन आइडल’ और ‘सा रे गा मा पा’ जैसे बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए तैयार करना है.

 

आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता का पहला व्यवस्थित सीजन है. भविष्य में हिंदी के साथ-साथ भोजपुरी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं के गायकों के लिए भी अलग मंच तैयार करने की योजना है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही