Ranchi : आदिवासी छात्र संघ की केंद्रीय समिति ने शुक्रवार को करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास के पुस्तकालय भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर आगामी 8 जुलाई 2026 को संघ का 26वां स्थापना दिवस सह महाधिवेशन आयोजित करने की घोषणा की. यह कार्यक्रम हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव (रांची) में होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा होंगे.
संघ के संस्थापक सदस्यों ने बताया कि महाधिवेशन के बाद संगठन की नई रूपरेखा और आगामी आंदोलनों की रणनीति तय की जाएगी. साथ ही नई केंद्रीय समिति का गठन किया जाएगा और झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की इकाइयों का पुनर्गठन भी किया जाएगा.

प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई संस्था या एनजीओ आदिवासी छात्र संघ के नाम से कार्य कर रहा है, तो उसका वर्ष 2000 में स्थापित मूल आदिवासी छात्र संघ और उसके संस्थापक सदस्यों से कोई संबंध नहीं है. खेलगांव में आयोजित होने वाला कार्यक्रम वर्ष 2000 में गठित मूल संगठन के संस्थापक सदस्यों द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो वर्तमान में संयोजक की भूमिका निभा रहे हैं.
संघ ने बताया कि वर्ष 2000 में स्थापना के बाद से वह झारखंड में 60 प्रतिशत आरक्षण, 1932 के खतियान के आधार पर मूलनिवासी नीति, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग की नौकरियों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता, जनजातीय भाषाओं की पढ़ाई को बढ़ावा, बैकलॉग रिक्तियों पर नियुक्ति, जनगणना में सरना धर्म कोड और परिसीमन का विरोध जैसे मुद्दों पर लगातार आंदोलन करता रहा है.
संघ का कहना है कि सरना धर्म कोड नहीं होने के कारण आदिवासियों की गणना हिंदू धर्म के अंतर्गत की जाती है, जिससे उनकी अलग पहचान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका है.
इसके अलावा असम के चाय बागानों में कार्यरत आदिवासी मजदूरों को अलग वर्ग में रखे जाने का भी संगठन ने विरोध जताया. संघ ने घोषणा की कि महाधिवेशन के बाद सरना धर्म कोड लागू कराने और परिसीमन के विरोध में महारैली की भी घोषणा की जाएगी.
प्रेस वार्ता में संस्थापक सदस्य डॉ. सुशील कुमार, जतरू उरांव, सतीश कुमार भगत, सतनारायण गाड़ी, सुरेश टोप्पो, अमित मुंडा, संजय महली, महावीर उरांव, सुदेश कुजूर, रोशन खलखो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment