Search

Ranchi News : ‌SIR को लेकर 23 मई को बूथों पर जारी होगी Un-Mapped Elector List, मतदाता अपना नाम कर सकेंगे चेक

Ranchi :   मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 23 मई को जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर Un-Mapped Elector List प्रकाशित की जाएगी. यह निर्देश मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव ने दिया है. 

 

डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी. जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की पिछली SIR मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हो पाया है, वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं. यह सुविधा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी. 

 

जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करें. साथ ही संबंधित बीएलओ भी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे, ताकि मतदाताओं को आवश्यक सहायता मिल सके. 

 

इसके अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया गया है कि उनके विभाग से जुड़े बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों की उपस्थिति मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित कराई जाए. 

 

जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका नाम पुरानी मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई को अपने मतदान केंद्र पहुंचकर सूची की जांच करें और बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//