Ranchi News : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा का 30-31 अक्टूबर को कांके में दो दिवसीय तृतीय महाधिवेशन होना है. इसकी सफलता को लेकर आज से केंद्रीय पदाधिकारियों एवं तैयारी समिति के सदस्यों ने झंडा जारी किए है. सभी ने अपने-अपने घरों के ऊपर वैश्य मोर्चा का पीला झंडा लगाया और महाधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया.
इस मौके पर वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने अपने भुरकुंडा स्थित आवास पर झंडा लगाया. जबकि कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु ने सुकुरहुट्टू ग्राम स्थित आवास पर, केंद्रीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता परशुराम प्रसाद मोरहाबादी में, उप प्रधान महासचिव अशोक गुप्ता ओरमांझी, संगठन महासचिव जगदीश साहु लोहरदगा, अनिल वैश्य पंडरा, हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र साहु हेसालौंग एवं रामगढ़ जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरी कुजू स्थित आवास पर झंडा लगाया और महाधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया. इसी तरह कई पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने घरों के ऊपर वैश्य मोर्चा का झंडा लगाया.
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि वैश्य मोर्चा का पीला रंग का झंडा वैश्य समाज की शान और सुरक्षा का प्रतीक है. झारखंड में वैश्य समाज की आबादी करीब 40% है, जो एक राजनीतिक शक्ति भी है. झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में वैश्य समाज का बड़ा महत्व और योगदान रहा है. लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि अलग राज्य बनने के बाद वैश्य समाज के साथ धोखा और अन्याय होता रहा है.
वैश्य मोर्चा इसी धोखा और अन्याय के खिलाफ एवं अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती आ रही है. साहु ने कहा कि 30-31 अक्टूबर को कांके में तृतीय महाधिवेशन होगा. देश के कई राज्यों से वैश्य नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है. इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

