Ranchi News : सरला बिरला विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया. शिविर के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, डिजिटल सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
शिविर के दौरान 10 और 11 सितंबर को क्यूररेबा की चिकित्सकीय टीम ने टीबी, कुष्ठ रोग और गैर-संचारी रोगों के बारे में जानकारी दी. ग्रामीणों के मधुमेह और रक्तचाप की जांच की गई. साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली के महत्व के बारे में बताया गया. आराम आई हॉस्पिटल की टीम ने नेत्र जांच शिविर लगाया, जिसमें करीब 52 लोगों की आंखों की जांच की गई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया.
स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. सहायक प्राध्यापिका डॉ. सग्निका प्रधान ने रसायन विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों का प्रदर्शन किया. प्रयोगों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किए जाने से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति उत्सुकता देखने को मिली.
कार्यक्रम में डॉ. संजीव कुमार ने रोबोटिक्स और रोबोट की कार्यप्रणाली के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी. उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग और उसके व्यावहारिक पहलुओं से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया.
शिविर में साइबर सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल करने के उपाय बताए गए. इसके अलावा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई.
सात दिनों के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया. इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता का व्यावहारिक अनुभव मिला. शिविर में प्रो. श्वेता कुमारी, यूबीए कॉर्डिनेटर डॉ. मुकेश सिंह और मुखिया सुखराम कुमार का सक्रिय योगदान रहा.
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. इस दौरान शिविर की गतिविधियों की समीक्षा की गई और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई.
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने शिविर के सफल आयोजन पर आयोजक मंडली को शुभकामनाएं दीं.

