Ranchi : राजधानी रांची में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली है. सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. बारिश से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है.

बता दें कि पिछले दो सप्ताह से रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. लेकिन शुक्रवार को मौसम बदलने के साथ ही ठंडी हवाएं चलनी शुरू हुईं और रुक-रुककर बारिश होती रही. बारिश के कारण कुछ समय के लिए सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन तापमान में आई गिरावट से लोगों ने राहत महसूस की.

मौसम विभाग के अनुसार, रांची और आसपास के जिलों में अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी से मिली यह राहत फिलहाल अस्थायी है.
मौसम केंद्र रांची ने झारखंड के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. राज्य के मध्य, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, धनबाद और कोडरमा समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज गर्जना हो सकती है. वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा तथा उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह और पाकुड़ जिलों में भी मौसम के सक्रिय रहने के आसार है.
विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment