Ranchi News : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डोम टोली तालाब पट्टी इलाके में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से गांजा और उसके सफारी वाहन से ब्राउन शुगर बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार मिल रही सूचना का सत्यापन किया गया. सूचना थी कि डोम टोली निवासी मो. अनस कुरैशी सफेद रंग की टाटा सफारी वाहन से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है.
1 सितंबर को पुलिस टीम ने वाहन की जांच की और वाहन के मालिक की पहचान मो. अनस कुरैशी के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी और उसके वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 16 ग्राम गांजा और 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
पुलिस ने मौके से 4,700 नकद, एक iPhone 13 मोबाइल फोन और टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया. मामले में लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मो. अनस कुरैशी को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ धनबाद जिले के बरोरा थाना में भी मामला दर्ज है. कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह समेत पुलिस पदाधिकारियों और थाना रिजर्व गार्ड की टीम शामिल थी.

