Search

 
 
 

Ranchi : अटल वेंडर मार्केट की री-लॉटरी का विरोध, निगम से फैसले पर पुनर्विचार व वापस लेने की मांग

रांची के कचहरी रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट में गुरुवार को नगर निगम की प्रस्तावित री-लॉटरी प्रक्रिया के विरोध में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. इस दौरान व्यापारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर नगर निगम के फैसले का विरोध दर्ज कराया और री-लॉटरी की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें

Ranchi :  रांची के कचहरी रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट में गुरुवार को नगर निगम की प्रस्तावित री-लॉटरी प्रक्रिया के विरोध में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. इस दौरान व्यापारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर नगर निगम के फैसले का विरोध दर्ज कराया और री-लॉटरी की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की.

 

Uploaded Image

 

दुकानदारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से कारोबार खड़ा किया है और ग्राहकों का विश्वास जीता है. री-लॉटरी होने पर उनकी दुकानों का स्थान बदल जाएगा, जिससे कारोबार और परिवार दोनों प्रभावित होंगे. उनका कहना है कि नई जगह पर फिर से ग्राहकों का भरोसा जीतने और व्यापार को पहले की तरह स्थापित करने में काफी परेशानी होगी.

 

व्यापारियों ने बताया कि अटल वेंडर मार्केट का उद्घाटन 1 जुलाई 2019 को हुआ था. तब से वे लगातार अपनी-अपनी दुकानों चला रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कोरोना महामारी जैसी कठिन परिस्थितियों का भी सामना किया. कई दुकानदारों ने बैंक से ऋण लेकर कारोबार को बचाए रखा और वर्षों की मेहनत के बाद अपने ग्राहक बनाए. अब री-लॉटरी होने से उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर सकता है. 

 

Uploaded Image

 

दुकानदारों का कहना है कि दुकान का स्थान बदलने से उनकी आमदनी घट सकती है, जिसका सीधा असर उनके परिवार और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर पड़ेगा. उन्होंने नगर निगम से री-लॉटरी के फैसले पर पुनर्विचार करने और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की.

 

विरोध कर रहे दुकानदारों ने री-लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में धांधली की आशंका है. साथ ही उन्होंने नगर निगम के उस आदेश पर भी आपत्ति जताई, जिसमें शपथ पत्र स्वीकार नहीं किए जाने की बात कही गई है.


दुकानदारों ने बताया कि वे पहले भी री-लॉटरी का विरोध कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही