Ranchi News: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रांची पुलिस ने संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की. शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात और कोतवाली एएसपी ने पंडरा स्थित बालाश्रय और चुटिया स्थित प्रेमाश्रय पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया.
इस दौरान आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखियां बांधीं और उन्हें अपना भाई व संरक्षक मानते हुए स्नेह और विश्वास का भाव व्यक्त किया. पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ बैठकर भोजन किया.
इसे भी पढ़ें -
अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली. साथ ही बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया.

राखी बांधने के बाद की तस्वीर
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज के हर बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए. ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं.
रक्षाबंधन का यह आयोजन बच्चों के लिए खास और यादगार बन गया. कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनने की जिम्मेदारी भी निभाती है. कार्यक्रम में स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

