Ranchi News : खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीटांड में कोयला लदे हाइवा में आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से वाहन, मोबाइल और हथियार बरामद किए गए हैं. इस घटना को लेकर खलारी थाना में कांड संख्या 56/2026 दर्ज किया गया था.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, बीते 8 नवंबर को बड़कीटांड में कोयला लदे हाइवा में अपराधियों ने आग लगा दी थी. घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी के निर्देश पर एसपी खलारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना पर जांच तेज की. इसी दौरान 22 नवंबर को एसआईटी को सूचना मिली कि घटना में शामिल अपराधी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खलारी की ओर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने बलथरवा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आ रही एक वैगनआर कार को संदेह पर रोका गया.
पुलिस ने कार में सवार अफताब आलम उर्फ टिकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान तीनों ने आगजनी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद उनकी निशानदेही पर चौथे आरोपी मोहम्मद मोजम्मिल को भी गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद मोजम्मिल पूर्व में मोहित मिनरल कंपनी में कार्यरत था. कुछ दिन पहले कंपनी ने उसे काम से निकाल दिया था. इसी बात को लेकर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से दोस्तों संग मिलकर साजिश रची थी.
हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह ओडिशा के रेंगाली थाना क्षेत्र में बैंक डकैती के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

