Ranchi News: रांची में आने वाले त्योहारों और अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है. शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक यातायात की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें डीएसपी ट्रैफिक, सभी यातायात थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए. अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर भी जरूरी तैयारी करने को कहा गया.
इसे भी पढ़ें -
ट्रैफिक पुलिस अब ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, रैश ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. तय क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों, बिना यूनिफॉर्म ऑटो-टोटो चलाने वाले चालकों और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी कार्रवाई की जाएगी. वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा.
इसके अलावा लेफ्ट फ्री रखने वाले रास्तों पर वाहन खड़ा करने और चौक-चौराहों पर ऑटो-टोटो लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी. इससे होने वाले जाम को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.
सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों और ठेलों को हटाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी. बारिश के कारण जिन जगहों पर अक्सर जाम लगता है, वहां क्यूआरटी और अभियान टीम को तैनात कर ट्रैफिक सामान्य रखने का निर्देश दिया गया है.
वहीं स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय ट्रैफिक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे. चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. ट्रैफिक एसपी ने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

