Ranchi News : खनिज और खनन संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने के विरोध में सोमवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर वामदलों, झारखंड जनाधिकार महासभा और अन्य संगठनों ने प्रतिरोध सभा की. सभा में सैकड़ों लोग शामिल हुए और झारखंड पर कथित आर्थिक हमले के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकाला गया.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि यह विधेयक केवल झारखंड के खनिज संसाधनों की लूट का रास्ता नहीं खोलता, बल्कि यहां की जनता और आदिवासियों द्वारा संरक्षित जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जे की साजिश है. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विधेयक के जरिए झारखंड के स्वशासन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है और यह पूरे झारखंडी समाज पर हमला है.
वाम दलों और जन संगठनों ने केंद्र सरकार से विधेयक को तत्काल वापस लेने की मांग की. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विधेयक वापस नहीं लिया गया तो झारखंड की जनता को मजबूरन राज्य से खनिजों की ढुलाई ठप करने जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं.
प्रतिरोध सभा में झारखंड के भाजपा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से भी सवाल किया गया. नेताओं ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि झारखंड की जनता के साथ हुए कथित धोखे की जवाबदेही लें और केंद्र सरकार पर विधेयक वापस लेने का दबाव बनाएं. ऐसा नहीं करने पर उन्होंने भाजपा के सांसदों से इस्तीफे की मांग की.
इस दौरान भाकपा, माकपा, भाकपा-माले, एसयूसीआई (कम्युनिस्ट), झारखंड जनाधिकार महासभा, आदिवासी संघर्ष मोर्चा और अन्य जन संगठनों ने आगे बड़े आंदोलन की चेतावनी दी. कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया.
प्रतिरोध दिवस में भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक, माले के राज्य सचिव मनोज भक्त, सीपीएम के जिला सचिव प्रफुल्ल लिंडा, एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के मिंटू पासवान, झारखंड जनाधिकार महासभा के सिराज दत्ता, माले केंद्रीय कमेटी सदस्य शुभेंदु सेन, आदिवासी संघर्ष मोर्चा के सुदामा खलखो, प्रतीक, अनंत प्रसाद गुप्ता, दिलीप कुमार, सोहन महतो, खुशबू कुमारी, शमशुल आलम, अनंत कुमार, गीता तिर्की, सपना गाड़ी, सुषमा गाड़ी, एती तिर्की (AIPWA), विभा पुष्पा, AISA के राज्य अध्यक्ष, विजय कुमार, नंदिता भट्टाचार्य, चांदों तिर्की, समर सिन्हा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

