Ranchi : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को लोकनाट्य सम्राट व जनकवि भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि तथा राजद के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राजकिशोर सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.
इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भिखारी ठाकुर ने अपनी लोककला और साहित्य के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, शोषण और असमानता के खिलाफ जनजागरण का कार्य किया.

वहीं स्वर्गीय राजकिशोर सिंह यादव का राजनीतिक जीवन लोकदल, जनता दल और राष्ट्रीय जनता दल की विचारधारा को समर्पित रहा. उन्होंने सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया.
वक्ताओं ने कहा कि राजकिशोर सिंह यादव का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संघर्षशील जीवन और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी.कार्यक्रम में राजद प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव, युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार, पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील साहू, विजय राम, इरफान अंसारी, रामकुमार यादव, कमलेश सिंह, अभिराज राय, मंतोष यादव, क्षितिज मिश्रा, लालबाबू रजक, शब्बीर फातमी, प्रणय कुमार बबलू सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भिखारी ठाकुर और स्वर्गीय राजकिशोर सिंह यादव के बताए आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.


Leave a Comment