Ranchi : धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सूरज नायक का शव मिलने के बाद मंगलवार को स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. सैकड़ों की संख्या में लोग सेक्टर-3 रोड पर जुटे और सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूरज नायक ने बजाज फाइनेंस से लोन लिया था. लेकिन वह ईएमआई नहीं भर पा रहा था. इसकी वजह से कंपनी वाले लगातार प्रेशर बना रहे थे. आरोप है कि बजाज फाइनेंस के कर्मचारी और मैनेजर कई बार घर पर आकर गाली गलौज और धमकी देते थे. इसकी वजह से वह पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में था. लोगों का कहना है कि इसी कारण सूरज ने यह कदम उठाया है.

गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी परिसर में बीती रात धुर्वा सेक्टर-3 थेथरकोचा निवासी सूरज नायक का शव पेड़ से लटकता मिला था जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ पर लटकता देखा था. इसके बाद धुर्वा थाना की पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. पुलिस ने घटनास्थल के पास एक ई-रिक्शा बरामद किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

