- कई जिलों में और केंद्र खोलने की तैयारी
Ranchi : भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को रांची के कांटाटोली स्थित एस्टेट प्लाजा में उन्नत आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया. इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी उपस्थित रहीं.
यह उन्नत आधार सेवा केंद्र रांची और आसपास के क्षेत्रों में आधार सेवाओं की डिलीवरी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इस केंद्र को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं और बेहतर अवसंरचना के साथ विकसित किया गया है, ताकि आधार नामांकन और अद्यतन सेवाएं तेज, पारदर्शी और लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराई जा सकें.

झारखंड में पहले यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र केवल तीन जिलों रांची, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में ही उपलब्ध थे. अब इन मौजूदा केंद्रों के साथ चरणबद्ध तरीके से नए आधार सेवा केंद्र बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पलामू में भी स्थापित किए जाएंगे. इससे राज्य के अधिक लोगों को आधार से जुड़ी सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी.
मौके पर संजय सेठ ने आधार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए यूआईडीएआई के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें सार्वजनिक सेवा वितरण को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाती हैं.
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट जरूर कराएं, ताकि छात्रवृत्ति जैसी सरकारी योजनाओं और NEET तथा CUET जैसी प्रवेश परीक्षाओं के पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या न हो.
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी अभिभावकों से बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने की अपील की. उन्होंने विद्यालयों से भी आग्रह किया कि वे यूआईडीएआई के मिशन मोड अभियान के तहत लंबित मामलों को कम करने में सहयोग करें.
कार्यक्रम में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय रांची के उपमहानिदेशक अखिलेश कुमार गुप्ता, निदेशक नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे. यह आधार सेवा केंद्र सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित किया जाएगा, जबकि इसके दैनिक संचालन का प्रबंधन Protean eGov Technologies Ltd. द्वारा किया जाएगा.
यहां दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग काउंटर तथा स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए फीडिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment