- छठ को लेकर बिहार के लिए चल रहीं 200 बसें, फिर भी नहीं मिल रही टिकट
Ranchi News : रांची से बिहार जाने वाले बसों पर इन दिनों सीटों के लिए मारामारी चल रही है. क्योंकि ट्रेन की सीट फुल होने के वजह से बिहार जाने के लिए बस ही विकल्प होता है. इसके लिए बस संचालकों ने बिहार के लिए अतिरिक्त बस चलाना शुरू कर दिया है. बिरसा मुंडा बस टर्मिनल कांटाटोली से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए रोजाना करीब 200 बसों का परिचालन हो रहा है.
इसे भी पढ़ें...
यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण बसों की सीटें पहले से ही फुल हो जा रही हैं. खासकर नवादा समेत बिहार के अन्य शहरों के लिए यात्रियों को सीट की बुकिंग कराने में परेशानी बढ़ गई है. बस एजेंट अपने मुताबिक पैसेंजरों से टिकट काट रहे है. पैसेंजरों ने बताया कि खासकर रांची से बिहार जाने के लिए प्रत्येक साल छठ पूजा के मौके पर अधिक शुल्क देकर बिहार जाना पड़ता है.
स्थिति यह है कि यात्रियों को यात्रा से एक दिन पहले ही सीट बुक करानी पड़ रही है. बसों का परिचालन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच शुरू हो जाता है. रांची से मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, आरा, औरंगाबाद, नवादा समेत बिहार के कई शहरों के लिए बसें उपलब्ध हैं.
इनमें चंद्रलोक, साध्वी, पृथ्वी रथ, महौली, तेजस और भोले शंकर सहित कई बसें शामिल हैं. हाजीपुर के लिए रोशन और आरा के लिए तिवारी बस का भी परिचालन हो रहा है. छठ पूजा में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बस संचालकों ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है.
छठ के लिए 10 अतिरिक्त बसें चलाई जा रहीं
बस के एजेंट मुन्ना खान ने बताया कि पूजा को देखते हुए 10 अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं. इन बसों में करीब 45 सीटें उपलब्ध हैं. वहीं, श्री श्यामराम रथ के एजेंट ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है. सीटों की उपलब्धता कम होने के कारण यात्रियों को यात्रा से एक दिन पहले ही बुकिंग करानी पड़ रही है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट बुक किए जा सकते हैं. इसके लिए एडवांस राशि जमा करनी होगी. अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए बस काउंटर पर उपलब्ध मोबाइल नंबर लगाया गया है.
जानें रांची से बिहार जाने वाले टिकटों का दाम
रांची से पटना के लिए स्लीपर 800-1000 रूपये
रांची से नवादा के लिए एसी स्लीपर 999-1399 रूपये
रांची से बिहार शरीफ 500 रूपये
रांची से बिहार शरीफ, रजौली, फतेहपुर- 500 रुपये
बस ऐजेंट दीपक कुमार और भास्कर गोस्वामी ने बताया कि रांची से मीठापुर, गांधी मैदान बेरिया, फुलवारी शरीफ, दानापुर, बख्तियारपुर, समसतीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर-2000-2200 रूपया किराया लग रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

