Search

रांची: वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप अंडर-18 के लिए बालिका वर्ग का चयन ट्रायल शुरू

Ranchi : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप (अंडर-18) के लिए बालिका वर्ग का कोचिंग कैंप चयन ट्रायल आज से हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव (रांची) में शुरू हो गया. यह चयन प्रक्रिया 18 अप्रैल तक चलेगी.

 

देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली बालिका वॉलीबॉल खिलाड़ी 15 अप्रैल से ही रांची पहुंचने लगी थीं. ट्रायल का यह दूसरा चरण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए खिलाड़ियों के चयन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

 

अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें चीन के सांगलोउ में 1 से 10 जुलाई के बीच आयोजित वर्ल्ड स्कूल गेम्स में भाग लेने का अवसर मिल सकता है.

 

चयन ट्रायल का शुभारंभ एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ. इस मौके पर पार्थ सुरेश दोषी (मुख्य कार्यकारी अधिकारी), एन.आर. मुरली (कार्यकारी सदस्य), के. बर्मन (वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी), सोमदत्त दीक्षित (प्रशासनिक पदाधिकारी) तथा राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

 

ट्रायल के पहले दिन कुल 64 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयन के लिए कड़ा मुकाबला किया. विभिन्न राज्यों से आई खिलाड़ियों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने चयनकर्ताओं और अधिकारियों को प्रभावित किया.

 

यह चयन प्रक्रिया 18 अप्रैल तक जारी रहेगी, जिसके आधार पर कुल 23 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा.

 

इस चयन प्रक्रिया में मुख्य चयनकर्ता के रूप में एस.आर. जुबेल (बैंगलोर), हेमा (सेंट्रल रेलवे), रजनी सेन (झारखंड) HNN और अमित कुमार (झारखंड) अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

 

पूरे आयोजन को सफल बनाने में राज्य खेल कोषांग के सदस्यों और प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा. यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि बालिका सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//