Ranchi News: सरकारी स्कूलों के बच्चों में आत्मविश्वास और अपनी बात खुलकर रखने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कांके प्रखंड के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में ‘रांची स्पीक्स’ प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें कांके प्रखंड के 11 सीआरसी (संकुल संसाधन केंद्र) से चुने गए कक्षा 1 से 8 तक के कुल 22 बच्चों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अखिल पांडेय और अनुष्का परवीन अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कांके प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.
इसे भी पढ़ें:
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 के बच्चों को पहले समूह और कक्षा 6 से 8 के बच्चों को दूसरे समूह में रखा गया था. बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ अपनी बात रखी. उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों को प्रभावित किया.
कार्यक्रम में रांची के जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, विधायक प्रतिनिधि संजय मुंडा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीपीओ, सीएमएसओई विद्यालय और बेसिक स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इस दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने ‘रांची स्पीक्स’ की शुरुआत, उद्देश्य और अब तक की यात्रा के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि बच्चों में संवाद करने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाना जरूरी है. अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और शिक्षा विभाग की इस पहल को उपयोगी बताया.
कक्षा 1 से 5 के समूह में कक्षा पांच के अखिल पांडेय और कक्षा 6 से 8 के समूह में कक्षा आठ की अनुष्का परवीन का चयन किया गया. दोनों बच्चे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कांके प्रखंड की ओर से भाग लेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

