Ranchi News : जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां बैंक मोड़ चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में छात्रा का दायां पैर कटकर अलग हो गया.
घायल छात्रा की पहचान गुरुगाईं गांव निवासी बुतुरू साहू की बेटी मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू के रूप में हुई है. वह ठाकुरगांव स्थित आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ती है. घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो रातू से बुढ़मू की ओर जा रही थी. इसी दौरान बैंक मोड़ चौक के पास छात्रा वाहन की चपेट में आ गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने पर ठाकुरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के कारणों और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है.

