Search

 
 
 

रांची: राष्ट्रीय युवा दिवस पर मारवाड़ी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती मनाई गई

राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची में स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती श्रद्धा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ मनाई गई.
 

Ranchi : राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची में स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती श्रद्धा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया.

Uploaded Image

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय समाज एवं युवाओं के महान मार्गदर्शक हैं. उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर युवा राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ एक जागरूक विश्व नागरिक बन सकते हैं.

 

कार्यक्रम के दौरान एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा आकर्षक एवं अनुशासित मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया. इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर से एक भव्य रैली निकाली गई, जिसकी अगुआई स्वयं प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने की. रैली में शिक्षकगण, एन.सी.सी. कैडेट्स, एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

 

रैली महाविद्यालय से प्रारंभ होकर विवेकानंद सरोवर तक पहुंची. सरोवर के मध्य स्थित स्वामी विवेकानंद जी की आदमकद प्रतिमा पर सभी प्रतिभागियों द्वारा श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए. इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया.

 

कार्यक्रम में महाविद्यालय के डी.एस.डब्ल्यू. डॉ. तरुण चक्रवर्ती, एन.एस.एस. समन्वयक डॉ. अनुभव चक्रवर्ती, डॉ. संगीता तिग्गा, डॉ. वैद्यनाथ कुमार सहित अन्य शिक्षकगण, एन.सी.सी. कैडेट्स एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने भी स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया.

 

स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर भाषण एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. भाषण प्रतियोगिता में अनुपम रंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में यति टीम विजेता रही.

 

विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं स्वामी विवेकानंद के जीवन-मूल्यों के प्रति जागरुकता उत्पन्न करना रहा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही