Ranchi : रांची जिला के सोनाहातू में सिर काटकर युवक की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पूरे मामले में बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस वार्ता कर खुलासा किया है. जिसमें उन्होंने बताया कि हरिहर महतो के लापता होने की खबर मिलने के बाद से पुलिस जांच कर रही थी. इसी बीच एक शव बरामद की गई. जिसका सर धड़ से अलग था और प्राइवेट पार्ट को काट दिया गया था.
मामला गंभीर था. जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने एक टीम बनाई और हर पहलू पर जांच शुरू की गई. आखिर में इस केस में हरिहर की प्रेमिका ही सजिशकर्ता निकली.
डीएसपी ने बताया कि घटना अवैध प्रेम संबंध को लेकर तीन व्यक्ति के द्वारा अंजाम दिया गया है. जिसमें दो व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीसरे व्यक्ति की धर पकड़ के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी करने का दावा किया है.
पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए हरिहर महतो की कथित प्रेमिका सुलोचना देवी और उसके पति क्षेत्रपति महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं, इनके निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस की बल्ली खून से सना काले रंग का दुपट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किया है. तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और ठोस सबूतों के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है.
उन्होंने कहा कि अवैध संबंध के कारण रचे गए षड्यंत्र में आरोपी दंपती ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
परिजनों के मुताबिक 31 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे हरिहर महतो घर से निकला था. उसने गांव की ही एक महिला से मिलने जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने तीन फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव की ही शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था. पूछताछ में सामने आया कि इस संबंध की जानकारी महिला के पति को हो गई थी. इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर हरिहर महतो को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
योजना के तहत महिला ने हरिहर को मिलने के बहाने बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को क्षत-विक्षत कर दिया.
इसके बाद शव को गांव के पीछे कांची नदी किनारे झाड़ियों के बीच दलदल में दबाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment