Ranchi News : डीसी मंजूनाथ भजंत्री के साप्ताहिक जनता दरबार में सोमवार को रांची, मांडर, तमाड़, खूंटी समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.
इसे भी पढ़ें...
किसी ने जमीन की जमाबंदी और रसीद में गड़बड़ी की शिकायत की, तो किसी ने सड़क पर अतिक्रमण और पेंशन नहीं मिलने का मामला उठाया. डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
60-65 साल से जमीन जोत रहे, सीओ ने दूसरे के नाम काट दी रसीद
मांडर अंचल के कैमबो मौजा निवासी शशि भूषण साहू ने जमीन विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि वे पिछले 60-65 वर्षों से जमीन पर खेती करते आ रहे हैं, लेकिन अंचलाधिकारी द्वारा दूसरे व्यक्ति के नाम पर जमीन की रसीद काट दी गई है. शिकायत की और न्याय की मांग की.
65 फीट चौड़ी सड़क पर होटल संचालक का कब्जा
तमाड़ के विंदावन कुमार ने वीरगांव की सड़क की समस्या उठाई. उन्होंने बताया कि करीब 65 फीट चौड़ी सड़क पर होटल संचालक द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है. सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. इसकी शिकायत प्रखंड और अंचल कार्यालय में भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. आखिरकार थक-हारकर ग्रामीण जनता दरबार पहुंचे.
8 महीने से नहीं मिल रही पेंशन
दशरथ राम समेत अन्य पेंशनधारियों ने शिकायत की कि उन्हें पिछले आठ महीने से पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है. इससे उनके सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है. उन्होंने डीसी से जल्द पेंशन भुगतान कराने की मांग की.
नवजात के इलाज की परेशानी दूर करने का आश्वासन
जनता दरबार में जन्म के महज 22 दिन के बच्चे के इलाज में आ रही परेशानी का मामला भी पहुंचा. डीसी ने तत्काल समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया.
होमगार्ड बहाली और अन्य मामलों की भी हुई सुनवाई
उग्रवादी गतिविधियां छोड़कर आत्मसमर्पण करने वालों को नियमावली के तहत मिलने वाले लाभ तथा वर्ष 2016 की होमगार्ड सूची से जुड़े मामले की भी शिकायत की गई. डीसी ने मामले की जांच का आदेश दिया. इसके अलावा पंजी-2 में सुधार, दिव्यांग पेंशन और राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं.
इस मौके पर डीसी ने कहा कि पंचायत, प्रखंड, थाना और जिला स्तर पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार लगाया जाता है. इसका मकसद आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

