Search

रांची बनेगी स्मार्ट सिटी, CM हेमंत सोरेन ने की समीक्षा, पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई. 

 

बैठक में राजधानी रांची के समग्र शहरी विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

 

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि प्रकृति को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे. साथ ही वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया.

 

मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी परियोजना को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से विकसित करने की आवश्यकता बताई. इस दौरान ई-ऑक्शन सहित अन्य माध्यमों से राजस्व सृजन के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत सभी योजनाओं को व्यावहारिक और जनहितकारी बनाया जाए.

 

बैठक में विभागीय मास्टर प्लान के अंतर्गत परिसंपत्तियों के समुचित एवं योजनाबद्ध उपयोग पर विशेष जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके.

 

पर्यटन विभाग से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई. इस दौरान 3डी एनीमेशन एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया गया. मुख्यमंत्री ने पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, उनकी आकर्षक प्रस्तुति और बेहतर सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

 

बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//