Ranchi : राजधानी रांची के रातु थाना क्षेत्र स्थित तिलता गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान 32 वर्षीय ललिता देवी के रूप में हुई है. ललिता के मायके वालों ने उसके पति उमेश पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें
अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने कब्जे में लिया शव
जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के असरहिया की मूल निवासी ललिता देवी की शादी वर्ष 2012 में हजारीबाग जिले के केरेडारी निवासी उमेश के साथ हुई थी. उमेश पेशे से जेसीबी चालक है और उसने रातू के तिलता में जमीन खरीदकर अपना घर बनाया है, जहां वह पत्नी के साथ रहता था.
बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करने के लिए अपने पैतृक गांव ले जा रहा था. इसी बीच ललिया के मायके वाले वहां पहुंच गए और उसके पति को पकड़कर केरेडारी पुलिस को सौंप दिया. इसके बाद आरोपी को रातू थाना को सौंप दिया गया. रातू थाना ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.
कुछ दिन पहले हुआ था पति-पत्नी में विवाद
मृतका के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर काफी विवाद हुआ था, जिसे उस समय आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था. मायके वालों का दावा है कि इसी विवाद के चलते उमेश ने ललिता की हत्या कर दी.
सीढ़ी से गिरने की बात कह रहा आरोपी पति
हजारीबाग की केरेडारी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं आरोपी पति उमेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस पूछताछ में उमेश ने हत्या के आरोपों से सिरे से खारिज किया है. उसका कहना है कि ललिता घर की सीढ़ी से गिर गई थी, जिससे उसे चोट आई थी और उसका इलाज चल रहा था. इसी वजह से उसकी मौत हुई होगी.
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल ललिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

