Search

 
 
 

बेगूसराय में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, फल दुकानदार समेत दो घायल

Lagatar Desk : बाइक सवार बदमाश सबसे पहले मनोज पासवान के घर के पास पहुंचे. वहां उन्होंने करीब तीन राउंड फायरिंग की. इसके बाद मनोज पासवान का पीछा करते हुए बदमाश बस स्टैंड के पास पहुंचे और वहां भी ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी.
 
घटनास्थल

Lagatar Desk :   बिहार का बेगूसराय जिला बुधवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. यहां नगर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस गोलीबारी में फल दुकानदार समेत दो लोग घायल होने की जानकारी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

 

घायलों में नगर थाना क्षेत्र के गाछी टोला निवासी करीब 50 वर्षीय अर्जुन साह शामिल हैं. वह बस स्टैंड के पास फल की दुकान लगाते हैं.  गोली उनके जांघ में लगी है. वहीं बदमाशों के निशाने पर रहे मनोज पासवान को भी गोली लगने की सूचना है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

 

इसे भी पढ़ें

पहले घर के पास की फायरिंग, फिर बस स्टैंड पहुंचे बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाश सबसे पहले मनोज पासवान के घर के पास पहुंचे. वहां उन्होंने करीब तीन राउंड फायरिंग की. इसके बाद मनोज पासवान का पीछा करते हुए बदमाश बस स्टैंड के पास पहुंचे और वहां भी ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी.

 

इसी दौरान बस स्टैंड के पास फल की दुकान लगाए अर्जुन साह को गोली लग गई. वहीं मनोज पासवान भी गोली लगने से घायल हो गए. फायरिंग के दौरान एक बस के खलासी के भी घायल होने की बात सामने आ रही है. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

 

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके.

 

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. शुरुआती तौर पर पुलिस मनोज पासवान को गोलीबारी का मुख्य निशाना मानकर घटना के पीछे की वजह और पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

 

हमलावरों की तलाश में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. सुबह-सुबह गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही