Shambhu Kumar
Chaibasa News: छात्र नेता देवेंद्र महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंची. यात्रा के 12वें दिन चाईबासा पहुंचे देवेंद्र महतो ने सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया. उन्होंने झारखंड की भर्ती व्यवस्था में व्याप्त कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की.
इसे भी पढ़ें:
देवेंद्र महतो ने कहा कि पेपर लीक के लगातार आ रहे मामले और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं ने राज्य के युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है. वर्षों तक तैयारी करने के बावजूद अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा और नियुक्ति नहीं मिल पा रही है.
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष, जवाबदेह और भ्रष्टाचारमुक्त बनाया जाना चाहिए. मीडिया से बातचीत में उन्होंने जेपीएससी से जुड़े कथित घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग की.
देवेंद्र ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए. यदि किसी मंत्री, विधायक या प्रशासनिक अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है, तो सरकार को बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए. साथ ही चेतावनी दी कि यदि भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

