- यात्रा से पहले जरूर जान लें नया रास्ता
Ranchi News : अगर आप अक्टूबर में ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. बीना यार्ड में रीमॉडेलिंग का काम होने वाला है. इसके कारण धनबाद से गुजरने वाली 12 ट्रेनों के परिचालन मार्ग में कुछ दिनों के लिए बदलाव किया गया है.
रेलवे ने इन ट्रेनों के बदले हुए रूट और अस्थायी ठहराव की जानकारी दी है. रेलवे के अनुसार, अक्टूबर 2026 में अलग-अलग तारीखों पर कुछ ट्रेनें बदले हुए रास्ते से चलेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है.
शिप्रा एक्सप्रेस का बदलेगा रास्ता
22911 इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस 1 से 13 अक्टूबर तक बीना मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रुठियाई और मक्सी होकर चलेगी. इस दौरान बीना मालखेड़ी में अस्थायी ठहराव दिया गया है. वहीं 22912 हावड़ा-इंदौर शिप्रा एक्सप्रेस 1 से 12 अक्टूबर तक मक्सी, रुठियाई, गुना, महादेवखेड़ी और बीना मालखेड़ी होकर चलेगी. इस ट्रेन का भी बीना मालखेड़ी में अस्थायी ठहराव होगा.
अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस भी बदले रूट से चलेगी
19413 अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को मक्सी, रुठियाई, गुना, महादेवखेड़ी और बीना मालखेड़ी होकर चलेगी. वहीं 19414 कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को बीना मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रुठियाई और मक्सी होकर चलेगी. दोनों ट्रेनों का बीना मालखेड़ी में अस्थायी ठहराव रहेगा.
इन ट्रेनों का रूट भी बदलेगा
13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस 12 अक्टूबर को न्यू कटनी, कटनी साउथ, जबलपुर और इटारसी होकर भोपाल जाएगी. 13026 भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी साउथ और न्यू कटनी होकर चलेगी. दोनों ट्रेनों का कटनी साउथ में अस्थायी ठहराव होगा.
11631 भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस 9, 12 और 15 अक्टूबर को भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी साउथ और न्यू कटनी होकर चलेगी. वहीं 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस 10, 11 और 14 अक्टूबर को न्यू कटनी, कटनी साउथ, जबलपुर और इटारसी होकर भोपाल जाएगी.
11633 भोपाल-चोपन एक्सप्रेस 11 अक्टूबर और 11634 चोपन-भोपाल एक्सप्रेस 12 अक्टूबर को बदले हुए रूट से चलेंगी. इन दोनों ट्रेनों के लिए कोई अतिरिक्त ठहराव नहीं दिया गया है.
ऊर्जाधानी एक्सप्रेस भी बदले रूट से चलेगी
22165 भोपाल-सिंगरौली ऊर्जाधानी एक्सप्रेस 10, 13 और 14 अक्टूबर को भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी साउथ और न्यू कटनी होकर चलेगी. 22166 सिंगरौली-भोपाल ऊर्जाधानी एक्सप्रेस 9 और 13 अक्टूबर को न्यू कटनी, कटनी साउथ, जबलपुर और इटारसी होकर भोपाल जाएगी. इन दोनों ट्रेनों का भी कोई अस्थायी ठहराव निर्धारित नहीं किया गया है.
यात्रा से पहले जानकारी जरूर लें
धनबाद मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर और सीनियर पब्लिक रिलेशन ऑफिसर मनीष सौरभ ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन से यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के रूट और परिचालन की ताजा जानकारी जरूर जांच लें. रूट में बदलाव के कारण यात्रियों को सामान्य समय और मार्ग से अलग यात्रा करनी पड़ सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

