Search

रिम्स-2 के लिए राजनीति से ऊपर उठें, विपक्ष से सहयोग की अपील: इरफान अंसारी

Ranchi: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्षी दलों से रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर निम्न स्तर की राजनीति अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका उद्देश्य केवल राज्य की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, न कि किसी प्रकार का राजनीतिक या निजी लाभ हासिल करना.

 

रांची स्थित रिम्स में शासी निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक का मुख्य फोकस रिम्स में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या और पेशेंट फ्लो मैनेजमेंट को अधिक प्रभावी बनाने पर रहा. 
डॉ. अंसारी ने कहा कि मरीजों की संख्या में हो रही वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है. इतिहास में पहली बार रिम्स में हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका स्पष्ट लक्ष्य यही है कि हर मरीज को समय पर और बेहतर इलाज मिले और वह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रिम्स में नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है. 


डॉक्टरों की बहाली की जा रही है, पैथोलॉजी लैब को सशक्त किया जा रहा है और मैनपावर, नर्सिंग स्टाफ व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. उनका कहना है कि इन प्रयासों का मकसद मरीजों को आधुनिक, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं देना है.

 

डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्षी नेताओं से आग्रह करते हुए कहा कि रिम्स-2 के निर्माण को राजनीतिक विवाद का विषय न बनाया जाए. उन्होंने कहा कि उनका न तो कोई निजी स्वार्थ है, न किसी की जमीन पर नजर है और न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा. उनकी केवल एक ही मंशा है कि स्वास्थ्य सेवा में पैसों की कमी कभी बाधा न बने.

 

उन्होंने कहा कि आज भी राज्य के कई मरीज बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं. वहां इलाज पर भारी रकम खर्च होती है और कई बार तमाम कोशिशों के बावजूद मरीजों की जान नहीं बच पाती. कुछ मामलों में तो परिजनों को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार भी दूसरे राज्यों में करना पड़ता है, जो बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक स्थिति है.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यदि रिम्स-2 का निर्माण होता है तो राज्य के लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी खत्म होगी. उन्होंने सभी नेताओं से अपील की कि स्वास्थ्य को राजनीति से ऊपर रखें और जनता की जान बचाने के इस मानवीय प्रयास में सहयोग करें.

 

डॉ. अंसारी ने कहा कि रिम्स-2 केवल एक इमारत नहीं, बल्कि राज्य की भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा की नींव है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर एकजुट होकर राज्य की जनता के हित में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp