Patna News: बिहार में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम आ गए हैं. दरभंगा स्नातक, तिरहुत शिक्षक, कोसी स्नातक सीट से बीजेपी, पटना स्नातक सीट से जदयू, पटना शिक्षक सीट से राजद, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज (जेएसपी), तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय को जीत मिली है. कोसी स्नातक सीट से बीजेपी के एन.के यादव ने जीत की हैट्रिक लगाई है.
इसे भी पढ़ें:
राजद के डॉ. संजीव कुमार ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 5 बार के बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव को शिकस्त दी. वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश राय ने कांग्रेस नेता और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा को हराया.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप राय को हरा दिया. इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चित सीट पटना स्नातक निर्वाचन सीट ही थी. इस सीट पर जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध मोकामा विधायक अनंत सिंह कर रहे थे. उन्होंने जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के लिए जमकर प्रचार किया, जिसके बाद पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी को बाहर का रास्ता दिखा दिया.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इन लोगों ने जीत दर्ज
दरभंगा स्नातक: सर्वेश कुमार (भाजपा)
तिरहुत शिक्षक: डॉ. नरेंद्र सिंह (भाजपा)
कोसी स्नातक: एनके यादव (भाजपा)
पटना स्नातक: नीरज कुमार (जदयू)
पटना शिक्षक: डॉ. संजीव कुमार (राजद)
दरभंगा शिक्षक: सुरेश राय (जन सुराज)
तिरहुत स्नातक: बंशीधर बृसवासी (निर्दलीय)
सारण शिक्षक: राहुल राज (निर्दलीय)
सारण शिक्षक सीट से जीते राहुल राज को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है. सीएम सम्राट चौधरी ने X पर लिखा, ''बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी श्री राहुल राज जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. विश्वास है कि आप शिक्षकों के हितों और शिक्षा जगत के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे.''
बता दें कि सारण शिक्षक सीट पर जीत दर्ज करने वाले राहुल राज बीजेपी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और 1815 वोटों से जीतने में कामयाब रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

