Dhanbad News: घर में शादी की खुशियां बांटने निकले दो युवकों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के देवली में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार अनिल कुंभकार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके साथ बाइक पर बैठे सुभाष कुंभकार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार अनिल कुंभकार और सुभाष कुंभकार घर में होने वाली शादी का कार्ड बांटने के लिए बाइक से निकले थे. इसी दौरान देवली में एक टेलर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल कुंभकार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि सुभाष कुंभकार गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना में एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ. ग्रामीणों के विरोध के कारण घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई.
सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई. घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थी, वहां खुशियों की जगह शोक छा गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

