Rajnagar News : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई. राजनगर थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर होंडा शोरूम के पास रात लगभग एक बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बांस लदे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ट्रक के पास मौजूद एक मजदूर की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कुछ अन्य मजदूरों को चोटें आई हैं.
बताया जा रहा है कि बांस लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था. मजदूर ट्रक से बांस उतारने की तैयारी में रस्सी खोल रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए ट्रेलर ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी. टक्कर की चपेट में आने से बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलने के बाद राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया. वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
रविवार सुबह मृतक के परिजन घटनास्थल पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. मृतक के परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजा दिलाने और मामले में न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है. पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

